अपना जिलाकवर्धा

रेंगाखार के ग्राम नंदनी कुमान में पांच आदिवासी मासूम बच्चों की मौत पर उठा सवाल – महेश चंद्रवंशी

 

महेश चंद्रवंशी ने पीड़ित परिवारों को दी आर्थिक सहायता, जताया गहरा आक्रोश

 

भाजपा सरकार पर उठाए सवाल, तत्काल मुआवजे और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग

 

कवर्धा – रेंगाखार वनांचल के ग्राम नंदनी कुमान में पांच आदिवासी मासूम बच्चों की मौत की हृदयविदारक घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस दर्दनाक घटना से व्यथित जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य महेश चंद्रवंशी पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और अपनी ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की।

 

महेश चंद्रवंशी ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पांच मासूम बच्चों की मौत बेहद पीड़ादायक और चिंताजनक है। यह केवल पांच परिवारों का दुख नहीं, बल्कि पूरे वनांचल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर लगा गंभीर प्रश्नचिह्न है। गरीब आदिवासी परिवारों को समय पर उपचार, स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। आखिर ऐसी कौन-सी व्यवस्था है, जिसमें सबसे जरूरतमंद परिवारों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं नहीं पहुंच पा रही हैं? स्वास्थ्य केंद्रों और संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

 

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पांच मासूम जिंदगियां काल के गाल में समा गईं, तब भी सरकार के जिम्मेदारों की संवेदनशीलता कहां है? इतनी गंभीर घटना के बाद भी भाजपा के किसी बड़े नेता या मंत्री का पीड़ित परिवारों के बीच नहीं पहुंचना दुर्भाग्यपूर्ण है। वनांचल के गरीब आदिवासी परिवारों की पीड़ा को नजरअंदाज करना किसी भी संवेदनशील सरकार के लिए उचित नहीं है। सरकार और गृह मंत्री को इस मामले में तत्काल ध्यान देना चाहिए।

 

चंद्रवंशी ने मांग की कि सभी पीड़ित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए, बच्चों की मृत्यु के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही सामने आने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, वनांचल में स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था मजबूत कर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों, आदिवासियों और वंचित परिवारों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार की जवाबदेही तय करने का दबाव बनाया जाएगा। मासूम बच्चों की मौत पर केवल संवेदना व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है; सरकार को जवाब देना होगा और पीड़ित परिवारों को न्याय व उचित मुआवजा देना होगा।

 

इस दौरान समस्त ग्रामवासी एवम पीड़ित परिवारों के साथ वरिष्ठ कांग्रेसी एवं पूर्व जनपद सदस्य भगेल सिंह मरावी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रेंगाखार के महामंत्री समारू बैगा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष डाकोर सिंह चंद्रवंशी तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य मन्नू राम चंद्रवंशी उपस्थित रहे।

Paras Sharma

पारस शर्मा, संपादक , मोबाइल - +91 9993390279 , ईमेल - kawardhatimescg@gmail.com

Paras Sharma

पारस शर्मा, संपादक , मोबाइल - +91 9993390279 , ईमेल - kawardhatimescg@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!