अपना जिलाकवर्धा

पुराने सिक्के एवं नोट के बदले करोड़ों रुपये दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले मुख्य आरोपी राजस्थान निवासी, तेलंगाना राज्य से गिरफ्तार

 अलग-अलग बैंक खातों/यूपीआई/क्यूआर कोड में 1,68,269 रूपये की है, ठगी 

इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर पुराने सिक्के एवं नोट के बदले भारी रकम दिलाने का दिया जाता था झांसा

 

कवर्धा – जिला कबीरधाम में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में साइबर पुलिस थाना कबीरधाम द्वारा लगातार तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में पुराने सिक्के एवं नोट के बदले लाखों-करोड़ों रुपये दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले दो मुख्य आरोपियों को तेलंगाना राज्य से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है।

 

मामले में प्रार्थी द्वारा माह अगस्त 2026 में इंस्टाग्राम रील्स देखते समय 05 रुपये के वैष्णो देवी छाप सिक्के के बदले 85 लाख रुपये तथा 05 रुपये के ट्रैक्टर छाप नोट के बदले 01 करोड़ रुपये दिए जाने संबंधी विज्ञापन देखा गया। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर संबंधित व्यक्ति द्वारा स्वयं को मुंबई से बोलना बताया गया तथा पुराने सिक्के एवं नोट की फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से मंगाई गई। इसके बाद आरोपियों द्वारा पुराने सिक्के एवं नोट खरीदने के नाम पर भुगतान प्राप्त होने का झांसा देकर प्रार्थी से आधार कार्ड, फोटो एवं विभिन्न शुल्क के नाम पर राशि जमा कराई गई। आरोपियों द्वारा सरकारी शुल्क, जीपीएस रिचार्ज, इंजन वेरीफिकेशन, कस्टम ड्यूूटी, रसीद, बीमा एवं अन्य बहानों से अलग-अलग मोबाइल नंबरों, यूपीआई, क्यूआर कोड एवं बैंक खातों के माध्यम से लगातार राशि की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा अलग-अलग किश्तों में कुल 1,68,269/- रूपये की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने के बाद भी आरोपियों द्वारा और राशि की मांग की जाती रही। इस संबंध में साइबर पुलिस थाना कबीरधाम में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.

साइबर पुलिस टीम द्वारा तकनीकी एवं प्रभावी कार्यवाही कर बैंकिग डिटेल एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पतासाजी करने के लिए टीम जिला निजामाबाद, तेलंगाना राज्य रवाना हुई। जांच के दौरान आरोपी नजीम खान पिता ईशा खान एवं उसके साथी मोहम्मद रोहिल, निवासी जिला भरतपुर, राजस्थान, वर्तमान निवास आरमूर, जिला निजामाबाद तेलंगाना, को फतेहपुर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ में पुराने नोट एवं सिक्के खरीदने वाले “राज ज्ञानी” के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल तैयार कर लोगों को पुराने सिक्के एवं नोट के बदले भारी रकम मिलने का झांसा देने तथा अलग-अलग क्यूआर कोड, बैंक खातों के माध्यम से रकम प्राप्त करने कर ठगी की घटना को अंजाम दिया जाना स्वीकार किये जाने से तथा घटना मे प्रयुक्त तकनीकी साक्ष्य बरामद होने से आरोपी नजीम खान एवं मोहम्मद रोहिल को विधिसंगत् गिरफ्तारी कार्यवाही कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

अलर्ट

 किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें तथा National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज करें।

Paras Sharma

पारस शर्मा, संपादक , मोबाइल - +91 9993390279 , ईमेल - kawardhatimescg@gmail.com

Paras Sharma

पारस शर्मा, संपादक , मोबाइल - +91 9993390279 , ईमेल - kawardhatimescg@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!