
टीचर्स एसोसिएशन के दखल के बाद आदेश में संशोधन
कवर्धा – कबीरधाम जिले में 24 सितंबर 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से एक आदेश जारी किया गया, जिसमें व्ही. एस. के. एप में ऑनलाइन उपस्थिति शून्य दिखा रहे जिले के 193 शिक्षक संवर्ग व कर्मचारियों के माह सितम्बर 2026 का वेतन आगामी आदेश पर्यन्त तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया गया है। ताज्जुब की बात है कि इस सूची में ऐसे आठ शिक्षकों का नाम शामिल है, जो अब इस दुनिया में ही नहीं है अर्थात जिनका पहले ही निधन हो चुका है। इस सूची में आठ मृत शिक्षक बनऊ मेरावी, सोहन श्रीवास्तव, संध्या यादव, नीता साहू, राजश्री चंदेल, श्यामाचरण देवांगन, विमल धुर्वे एवं निर्मला साहू का नाम शामिल है। इसके अलावा निर्धारित विभागीय प्रक्रिया का पालन करते हुए संतान पालन व मातृत्व अवकाश लेने वाले शिक्षिकाओं का नाम भी शामिल है। इसके साथ ही अन्य जिला स्थानांतरित शिक्षक, सेवानिवृत्त शिक्षक, विभागीय बीएड कर रहे शिक्षक आदि का भी नाम शामिल कर लिया गया है। छग टीचर्स एसोसिएशन ने इसे गंभीर विभागीय लापरवाही करार देते हुए त्रुटिपूर्ण सूची तैयार करने की जिम्मेदारी तय कर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने की मांग किया है। इसके गंभीरता को देखते हुए टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार चन्द्रवंशी ने इस सम्बन्ध में 25 सितंबर को जिला शिक्षा अधिकारी के नाम पत्र प्रेषित किया, जिसके तुरंत बाद डीईओ ने समस्त बीईओ व डीडीओ प्राचार्य के नाम पत्र जारी कर स्थानांतरित, सेवानिवृत्त, मृतक एवं इस अवधि में अवकाश लेने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों का नाम कारण दर्शाते हुए प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है, ताकि उनके वेतन आहरण की कार्यवाही किया जा सके। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार चन्द्रवंशी, आसकरण धुर्वे, उग्रसेन चन्द्रवंशी, हेमलता शर्मा, केशलाल साहू, वकील बेग मिर्जा, बलदाऊ चंद्राकर, गोकुल जायसवाल आदि ने इस गंभीर लापरवाही की जिम्मेदारी तय कर अविलम्ब कार्यवाही की मांग किया है।
सूची में शामिल सेवानिवृत्त शिक्षक
वेतन रोकने सम्बंधी डीईओ के पत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक गिरधर परमार, तिरथेश्वर तिवारी, चंद्रप्रकाश जोगांश, सुंदर मेरावी आदि का नाम शामिल है।
स्थानांतरित शिक्षक का नाम
कबीरधाम से अन्य जिला स्थानांतरित हो चुके आरती प्रिया मिश्रा, संगीता गुप्ता, सालिक राठौर आदि का नाम भी वेतन रोकने वाले सूची में शामिल है।
संतान पालन अवकाश वाले शिक्षिका
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार चन्द्रवंशी ने बताया कि विभागीय प्रक्रिया का पालन करते हुए संतान पालन अवकाश लेने वाले शिक्षिकाओं का नाम भी सितंबर के वेतन रोकने वाले सूची में शामिल है, जिसमें गुनेश्वरी चौबे, पूर्णिमा कश्यप, उमा साहू, मंजू शर्मा, प्रीति मंडावी, स्वाति केशरवानी, दीपा शर्मा, सरिता गुप्ता, डाली शर्मा, स्नेहा शुक्ला, ललिता चंद्राकर, विलाशीनी श्रीवास्तव, राखी तिवारी, अनुराधा तिवारी, विमलेश कुर्रे, भगवती राजपूत, मंजू कुर्रे, शुभांगी तिवारी, कल्याणी साहू, आरती गुप्ता, अफसर बेगम, रीना कंठले, मिथलेश कश्यप, दुलेश्वरी खुसरो आदि का नाम शामिल है। इसके साथ ही मातृत्व अवकाश वाले कुमुद भारती, लक्ष्मी पाण्डेय, विभागीय बीएड कर रहे कंचन टाटम्या आदि का भी नाम शामिल कर लिया गया है।




