
पंडरिया – जनपद पंचायत पंडरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत कोड़गुड़ी में चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। गांव के निवासी देवेंद्र साहू ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पंडरिया को लिखित शिकायत सौंपकर निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सरपंच द्वारा कराए जा रहे सीसी रोड निर्माण में गुणवत्ताहीन सामग्री, घटिया रेत तथा मानक के विपरीत सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता अत्यंत खराब हो चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्य में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही और मनमाने तरीके से निर्माण कराया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर आवाज उठाने पर विवाद एवं दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही शासन की जनहितकारी योजनाओं और सुशासन तिहार जैसे अभियानों की भावना के विपरीत कार्य किए जाने का आरोप लगाया गया है।
देवेंद्र साहू ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए। साथ ही गुणवत्ता जांच के बाद ही भुगतान करने तथा दोषी सरपंच एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय राशि की वसूली करने की मांग की गई है।
शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर कबीरधाम एवं जिला पंचायत सीईओ को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।




