जिले के लगभग चार हजार कर्मचारी ईडीसी से करेंगे मतदान


टीचर्स एसोसिएशन ने सभी शिक्षकों से सपरिवार मतदान करने का किया आव्हान
कवर्धा – छग टीचर्स एसोसिएशन ने लोकसभा निर्वाचन-2024 में जिले के समस्त शिक्षकों से 26 अप्रैल को सपरिवार मतदान कर लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने का आव्हान किया है. एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार चन्द्रवंशी ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन ड्यूटी में मतदान दल में मतदान अधिकारी के रूप में नियुक्त शिक्षक व कर्मचारी-अधिकारी इस बार निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र के माध्यम से मतदान करेंगे. एसोसिएशन को प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में इस बार लगभग चार हजार कर्मचारीगण ईडीसी अर्थात निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र के माध्यम से मतदान करेंगे, जिसमें कवर्धा विधासभा के लगभग दो हजार पांच सौ तथा पंडरिया विधानसभा के एक हजार चार सौ कर्मचारी व शिक्षक शामिल हैं
ईडीसी क्या है और कब जारी होता है
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार चन्द्रवंशी ने बताया कि यदि कोई कर्मचारी निर्वाचन कर्तव्य पर नियुक्त होने के कारण अपने मतदान केन्द्र में मत देने में असमर्थ हो तो ऐसे कर्मचारी को मतदान के दिन अपने कर्तव्यरूढ़ मतदान केन्द्र या उस निर्वाचन क्षेत्र के किसी भी मतदान केन्द्र में मतदान करने के लिए ईडीसी अर्थात इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट जारी किया जाता है. इसके लिए निर्वाचन कर्तव्य पर नियुक्त कर्मचारी को प्रारूप 12 क में रिटर्निंग अधिकारी के नाम ईडीसी के लिए आवेदन देना होता है, तत्पश्चात रिटर्निंग अधिकारी प्रारूप 12 ख में निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र जारी कर निर्वाचन क्षेत्र के किसी भी मतदान केन्द्र में मतदान करने की स्वीकृति देता है.
ईडीसी व डाक मतपत्र में अंतर
चुनाव ड्यूटी पर तैनात वे सभी लोग, जो उस स्थान पर मतदान नहीं कर सकते, जहाँ मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज है, तो उन्हें ईडीसी या डाक मतपत्र जारी किया जाता है. यदि किसी कर्मचारी की चुनाव ड्यूटी उसी चुनाव क्षेत्र में लगती है, जहाँ का वह मतदाता है, तो उन्हें ईडीसी के माध्यम से मतदान की सुविधा दिया जाता है. इस सुविधा के तहत वह ईडीसी के माध्यम से उसी मतदान केन्द्र में मतदान कर सकता है, जहां उसे ड्यूटी के लिए लगाया गया है. यदि किसी कर्मचारी की ड्यूटी उस चुनाव क्षेत्र में लगती है, जहां का वह मतदाता नहीं है, तो उसे डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान करने की सुविधा प्रदान किया जाता है.




