
कवर्धा – जिले में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो महिला सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों के पास से नगद रकम, सट्टा-पट्टी और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पहली कार्रवाई में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर वार्ड क्रमांक 01 शिवाजी कॉलोनी कवर्धा में नंदनी उर्फ नीलू गुप्ता पति विक्रम गुप्ता उम्र 42 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 01 शिवाजी कॉलोनी कवर्धा को अपने घर के सामने अवैध रूप से अंकों पर सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी, नगद रकम एवं पेन जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरी कार्रवाई में वार्ड क्रमांक 05 लोहाराना का दीवारपारा कवर्धा निवासी पूजा बांधेकर पत्नी संदीप बांधेकर उम्र 28 वर्ष को अलग प्रकरण में सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कार्रवाई की गई। आरोपी के विरुद्ध पृथक से अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दोनों महिला आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर विभिन्न ग्रुपों के माध्यम से अलग-अलग खाईवाली करते हुए सट्टा संचालित कर रही थीं। इनके माध्यम से सट्टा खेलने एवं खिलाने वाले अन्य व्यक्तियों के नाम भी प्रकाश में आए हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है। शीघ्र ही संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों को यह स्पष्ट संदेश देना चाहती है कि जिले में सट्टा-जुआ, ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं किसी भी प्रकार के अवैध धंधे को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। इस प्रकार के कृत्यों में संलिप्त व्यक्ति स्वयं अपने अवैध धंधे तत्काल बंद करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
***********




