

कवर्धा, 19 मार्च 2025| प्रतिवर्ष मनाया जाने वाला भोरमदेव महोत्सव इस बार अन्तर्राष्ट्रीय गायक हंसराज रघुवंशी की ऐतिहासिक प्रस्तुति से कबीरधाम जिले को भक्तिभाव की अमृतधारा में प्रवाहित करने वाला है । विदित हो कि 26 मार्च को प्रख्यात भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपनी सम्पूर्ण टीम के साथ अपने लोकप्रिय भजनों की सुरमय धारा भोरमदेव महोत्सव में प्रवाहित करेंगे ।
कवर्धा विधानसभा के स्थानीय विधायक व राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का कहना है कि बरसों बाद हम फिर से भोरमदेव महोत्सव के गौरव को पुनर्स्थापित करने का प्रयास भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट के माध्यम से करने जा रहे हैं।कवर्धा के जनमानस का धार्मिक व आध्यात्मिक भाव का ध्यान रखते हुए एक वृहद भव्य आयोजन को साकारित करने के लिए हम सब प्रणबद्ध हैं।
भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट व जिला प्रशासन कबीरधाम स्थानीय विधायक विजय शर्मा के मार्गदर्शन में महोत्सव की तैयारियों को जोर-शोर से कर रहा है। कलेक्टर गोपाल वर्मा का कहना है कि इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में जिले की जनता व विशेषकर श्रद्धालु भक्ति की अलौकिक छटा का अनुभव कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि कबीरधाम जिले में आयोजित होने वाले दो दिवसीय भोरमदेव महोत्सव की तैयारी जोरो-शोरों से की जा रही है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक पुरातात्विक और जन आस्था के केन्द्र बाबा भोरमदेव के मेला स्थल प्रांगण में किया जाएगा। भोरमदेव महोत्सव के प्रथम दिन 26 मार्च को “मेरा बोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी, वो भोलेनाथ रे, वो शंभूनाथ रे…” “युग रामराज का आ गया, शुभ दिन ये आज का आ गया…” “ऐसा डमरू बजाया भोलेनाथ ने, सारा कैलाश पर्वत मगन हो गया…”लागी मेरी तेरे संग लगी ओ शंकरा, लागी मेरी प्रीत तेरे संग मेरे शंकरा…” व शिव कैलाशों के वासी– जैसे अत्यंत लोकप्रिय भजनों के प्रख्यात भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपने भजनों की भव्य प्रस्तुति देंगे। भोरमदेव महोत्सव को इस वर्ष और भी भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन और भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।




