

कवर्धा – छ्ग टीचर्स एसोसिएशन ने प्रदेशभर के हाई व हायर सेकेण्डरी स्कूलों में प्राचार्य के सभी रिक्त पदों पर पदोन्नति देने की मांग किया है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चन्द्रवंशी ने बताया कि प्रदेश के कुल 4730 शासकीय हाई व हायर सेकेण्डरी स्कूलों में से 3860 स्कूलों में प्राचार्य का पद रिक्त है। इसमें से 90 प्रतिशत व्याख्याता व मिडिल प्रधान पाठक से पदोन्नति एवं 10 प्रतिशत पद व्याख्याता से परीक्षा के माध्यम से भरे जाने का प्रावधान है। इस प्रकार प्राचार्य के कुल 3860 रिक्त पदों में से पदोन्नति के लिए 3474 एवं परीक्षा के लिए 386 पद होते हैं। लंबे इंतजार के बाद वर्तमान में प्राचार्य के रिक्त पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया जारी है। अतः स्कूल शिक्षा विभाग प्राचार्य पद में पदोन्नति के लिए निर्धारित सभी 90 प्रतिशत पदों पर पदोन्नति प्रदान करे। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चन्द्रवंशी, आसकरण धुर्वे, उग्रसेन चन्द्रवंशी, केशलाल साहू, वकील बेग मिर्जा, गोकुल जायसवाल, बलदाऊ चन्द्राकर आदि ने पदोन्नति के साथ ही परीक्षा के माध्यम भर्ती के लिए निर्धारित 10 प्रतिशत पदों के लिए भी अविलंब विज्ञापन जारी करने की मांग किया है।
जिले में प्राचार्य के 141 पद रिक्त –
जिले के कुल 74 हाई स्कूल में से 73 एवं 77 हायर सेकेण्डरी स्कूलों में से 68 में प्राचार्य के पद रिक्त है। इस प्रकार जिले के कुल 151 हाई व हायर सेकेण्डरी स्कूलों में से 141 में प्राचार्य का पद रिक्त है। जिले मे सिर्फ़ 10 स्कुलो को छोड़कर बाकि के स्कूल प्रभारियों के बलबुते पर चल रहे है।
शिक्षक से व्याख्याता में पदोन्नति का इंतजार –
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चन्द्रवंशी ने बताया कि शिक्षक से व्याख्याता के पद पर पदोन्नति के लिए भी लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा लगातार जानकारी मंगाया जा रहा है, लेकिन अब तक पदोन्नति नहीं हो पाया है। अतः व्याख्याता के रिक्त पदों पर भी विषयवार अंतिम वरिष्ठता सूची जारी कर प्रशिक्षित शिक्षकों को अविलम्ब पदोन्नति प्रदान किया जावे।




