
कवर्धा – शासकीय कर्मचारियों के भविष्य निधि खाता में जमा राशि का सुव्यवस्थित संधारण आवश्यक होता है। सेवानिवृत्ति के समय पासबुक से मिलान कर भविष्य निधि की राशि का भुगतान किया जाता है। शिक्षकों के भविष्य निधि के लिए काटे जा रहे राशि की सुव्यवस्थित जानकारी के लिए पासबुक संधारण कराने हेतु छ्ग टीचर्स एसोसिएशन सतत प्रयासरत रहा है। इसी तारतम्य में छ्ग टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल का जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश चन्द्रवंशी के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी एफ. आर. वर्मा से हुए चर्चा उपरांत शिक्षक एल. बी. संवर्ग के सीजीपीएफ पासबुक संधारण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। अब जिले में कार्यरत एल.बी. संवर्ग के पांच हजार से अधिक शिक्षकों के सीजीपीएफ पासबुक का संधारण किया जाएगा। ज्ञातव्य हो कि शिक्षक एलबी संवर्ग के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू होने के बाद से सीजीपीएफ के लिए राशि की कटौती किया जा रहा है, लेकिन सीजीपीएफ पासबुक का संधारण नहीं हुआ था। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश चन्द्रवंशी ने जिले के चारो विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय दुबे कवर्धा, महेंद्र गुप्ता पंडरिया, भानू चन्द्राकर बोड़ला एवं देवेंद्र साहू स.लोहारा से अलग-अलग चर्चा किया, जिसमें शिक्षकों की सुविधा के लिए सीजीपीएफ पासबुक को संकुल में जमा करने की सहमति बना है। संकुल से एकजाई कर बीईओ कार्यालय में जमा कर संधारण का कार्य किया जाएगा। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश चन्द्रवंशी, आसकरण धुर्वे, उग्रसेन चन्द्रवंशी, केशलाल साहू, वकील बेग मिर्जा, बलदाऊ चन्द्राकर, गोकुल जायसवाल, हेमलता शर्मा, जयप्रकाश चन्द्रवंशी आदि पदाधिकारियों ने जिले के समस्त शिक्षक एलबी संवर्ग से सीजीपीएफ पासबुक लेकर अपने संकुल में अविलंब जमा करने का आव्हान किया है।
आदर्श कन्या डीडीओ में सभी पासबुक संधारित
जिला मुख्यालय स्थित शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डीडीओ अंतर्गत एल. बी. संवर्ग के 98 शिक्षकों का वेतन आहरण किया जाता है। इन सभी शिक्षकों के सीजीपीएफ पासबुक का अद्यतन संधारण कर लिया गया है। इसके लिए छ्ग टीचर्स एसोसिएशन ने डीडीओ प्राचार्य व कार्यालयीन कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया है।




