
कवर्धा – छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा शुक्रवार को जिला मुख्यालय कवर्धा में रजत महोत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की 25 वर्षों की सेवाओं, उपभोक्ताओं के विश्वास तथा विद्युत क्षेत्र में प्राप्त उपलब्धियों को समर्पित रहा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ शासन एवं द्वारा संचालित जनकल्याणकारी विद्युत योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुँचाना तथा उपभोक्ताओं को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर – मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने पर केंद्र एवं राज्य शासन से अनुदान प्रदान किया जा रहा है, जिससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
इसके साथ ही सौभाग्य योजना, कृषि पंप विद्युतीकरण योजना, डिजिटल बिलिंग एवं ऑनलाइन भुगतान सुविधा, तथा स्मार्ट मीटरिंग जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं एवं पहलों पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध, सुलभ एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे जनजीवन के साथ-साथ कृषि, व्यापार एवं उद्योग को भी निरंतर गति मिल रही है।
रजत महोत्सव के अवसर पर समय पर विद्युत बिल का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया, जिससे अन्य उपभोक्ताओं को भी जिम्मेदार एवं अनुशासित उपभोक्ता बनने की प्रेरणा मिले।
अपने उद्बोधन में अधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, छत्तीसगढ़ शासन की जनहितैषी नीतियों के अनुरूप कार्य करते हुए प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने, समय पर विद्युत बिल का भुगतान करने तथा ऊर्जा संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई।
***********




