
कवर्धा – 9 जनवरी को पंडरिया नगर में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव जी का आगमन हो रहा है। इस अवसर पर उनके मुख्य आतिथ्य में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कुल मैदान में सुबह 10 बजे से नगर पालिका परिषद् पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई अंतर्गत विभिन्न विकास व अधोसंरचना निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा। विधायक भावना बोहरा ने बताया की हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है कि 9 जनवरी को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्री अरुण साव का आगमन हो रहा है। इस दौरान उनके द्वारा पंडरिया विधानसभा वासियों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी। उनके आगमन व स्वागत को लेकर तैयारियां जारी है और कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों में उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कलाकार विवेक शर्मा द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है।
भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार में पंडरिया विधानसभा को निरंतर विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। इन विकास कार्यों से विधानसभा वासियों को सुविधा मिल रही रही है वहीं क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है। पंडरिया विधानसभा में सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना निर्माण और सामुदायिक संरचनाओं से जुड़े विभिन्न कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इन कार्यों का लोकार्पण करते हुए उन्हें जनता को समर्पित किया जाएगा, वहीं कई नई योजनाओं का भूमिपूजन कर भविष्य के विकसित पंडरिया की आधारशिला रखी जाएगी। भाजपा सरकार के लिए विकास, सुशासन और जनकल्याण केवल वादे नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली विकास यात्रा हैं। अरुण साव का आगमन पंडरिया विधानसभा के विकास के प्रति सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। केंद्र एवं राज्य में भाजपा के मजबूत नेतृत्व के कारण क्षेत्र के लिए लगातार नई सौगातें मिल रही हैं और अधूरे कार्य तेजी से पूरे हो रहे हैं।




