

कवर्धा – टीचर्स एसोसिएशन ने परीक्षा स्थगन पर उठाए सवाल विद्यार्थी, शिक्षक व पालकों पर पड़ता है विपरीत असर
छ्ग टीचर्स एसोसिएशन ने अर्द्धवार्षिक परीक्षा प्रारम्भ होने के बाद अचानक स्थगित करने पर सवाल खड़ा किया है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चन्द्रवंशी ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला अर्थात कक्षा पहली से आठवीं तक कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा 12 से 19 दिसंबर तक आयोजित किया जाना था, जिसके अनुसार 12 दिसंबर को सभी कक्षाओं के एक विषय का परीक्षा सम्पन्न भी हो गया है। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 12 दिसम्बर को सायं जारी पत्र के अनुसार अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए परीक्षा को अचानक स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा प्रारम्भ होने के बाद अचानक स्थगित कर दिए जाने पर सवाल खड़ा किया जाना स्वाभाविक है। इससे हजारों विद्यार्थी, शिक्षक व पालकों की मानसिकता पर विपरीत असर पड़ता है। जनमानस में विभाग की छवि धूमिल भी होता है। इससे समय, धन व ऊर्जा का अपव्यय भी होता है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चन्द्रवंशी, आसकरण धुर्वे, उग्रसेन चन्द्रवंशी, हेमलता शर्मा, केशलाल साहू, वकील बेग मिर्जा, बलदाऊ चन्द्राकर, गोकुल जायसवाल आदि पदाधिकारियों ने परीक्षा को अचानक स्थगित किए जाने के कारणों का खुलासा करने की मांग किया है।




