
टेलीग्राम-व्हाट्सएप पर लगा रहे थे दांव
बैंक अकाउंट से हो रहा था लेन-देन, पुलिस कर रही हर ट्रांजेक्शन की बारीक जांच
कवर्धा – मुखबिर की सूचना पर थाना पंडरिया की टीम द्वारा त्वरित एवं योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर घोघरापारा क्षेत्र में दबिश दी गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी महेंद्र ढीमर उर्फ छोटा पिता मनोज ढीमर उम्र 25 वर्ष निवासी घोघरापारा पंडरिया एवं उसके सहयोगी नागेश्वर उर्फ सोनू राव उम्र 31 वर्ष निवासी ढोलियापारा पंडरिया को ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करते रंगे हाथ पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि वे टेलीग्राम चैनल के माध्यम से सट्टा लिंक प्राप्त कर मोबाइल नंबर से आईडी बनाकर अपने बैंक खातों को लिंक करते थे तथा व्हाट्सएप चैट के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर सट्टा खिलाने का कार्य कर रहे थे। ऑनलाइन माध्यम से रकम का लेन-देन भी किया जा रहा था।
थाना पंडरिया की टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से 03 नग स्मार्ट मोबाइल फोन, कीमती लगभग 30,000 रुपये जप्त किए गए हैं। साथ ही आरोपियों के बैंक अकाउंट, टेलीग्राम एवं व्हाट्सएप चैट से जुड़े तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
आरोपियों के विरुद्ध थाना पंडरिया में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 06, 07 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्यवाही की गई है तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।




